घोरावल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के महाप्रबंधक डॉ. अनिल मिश्रा ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने सीएचसी स्टाफ के साथ एक मीटिंग कर उन्हें उनके दायित्वों का बोध कराया। रविवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे जीएम डॉ. अनिल सीएचसी पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, स्टोर रूम, डॉक्टर कक्ष, फार्मासिस्ट कक्ष, शौचालय, साफ-सफाई इत्यादि का निरीक्षण कर अधीक्षक से जानकारी ली और जरुरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने नवनिर्मित 50 बेड के मैटरनिटी विंग का भी निरीक्षण किया। वहां उन्होंने जच्चा बच्चा वार्ड, प्रसव कक्ष, साफ-सफाई इत्यादि का निरीक्षण किया। सीएचसी में साफ-सफाई की व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। सीएचसी अधीक्षक को साफ सफाई दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। सीएचसी परिसर और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद जीएम डॉ. अनिल मिश्रा ने सीएचसी के डाक्टरों व अन्य स्टाफ के साथ एक मीटिंग की। मीटिंग में सीएचसी कर्मियों को उनके दायित्वों का बोध कराते हुए उन्होंने कहा कि सभी लोग साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। बाहर की दवा कदापि न लिखी जाए। बहुत आवश्यक पड़ने पर विशेष परिस्थितियों में ही डाक्टर द्वारा बाहर की दवा लिखी जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा कार्य एक ईश्वरीय कार्य है और डॉक्टर को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों में गरीबों की संख्या अधिक होती है। सेवा भावना के साथ मरीजों का उपचार करना हमारा दायित्व है। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. गुरु प्रसाद मौर्या, डॉ. प्रशांत पाल, डॉ. आरके यादव, डॉ. यशु शुक्ला, सूर्यकांत पांडे, ज्ञानती देवी, कुसुम मौजूद रहीं।