ो
ओबरा। स्थानीय परियोजना क्षेत्र के सेक्टर नौ रामलीला मैदान में मंगलवार की देर शाम रामलीला मुकुट पूजन व नारदमोह के मंचन के साथ प्रारंभ हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं. अरविंद कुमार सिंह एवं नपं अध्यक्ष प्रानमती देवी ने दीप प्रज्जवलित कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। इस दौरान श्री सिंह ने कहा कि रामलीला का मंचन देखना तभी सार्थक है जब हम श्रीराम के आदर्शों के अनुरूप आचरण करें। यह त्योहार असत्य पर सत्य की विजय एवं मर्यादा के पालन का संदेश हम सभी को देता है। कलाकारों ने छीर सागर में मां लक्ष्मी के साथ विराजमान भगवान विष्णु की आरती व मुकुट पूजा संग नारदमोह का मंचन सुंदर ढंग से किया गया। मौके पर समिति के सचिव धुरंधर शर्मा ने बताया कि विगत 37 वर्षों से रामलीला मंचन परियोजना के अधीनस्थ कराया जा रहा है। इसकी नींव पूर्व जनसंपर्क अधिकारी सीएस राय व परिचालक रामनरेश सिंह ने रखी थी। यहां महाप्रबंधक इं. डीके मिश्रा, वनीता मंडल की अध्यक्ष रंजना सिंह, विद्या मिश्रा, संजय बैसवार, शशिकांत श्रीवास्तव, आरजी सिंह, केके माली मौजूद रहे।