सोनभद्र । शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के साथ-साथ आवासीय विद्यालयों में मूलभूत समस्या और मरम्मत किये जाने के लिए जिला स्तरीय एक टीम गठित कर दी गई है। गठित टीम आवासीय विद्यालयों में जाकर उनकी समस्या, मरम्मत जैसे नए वाटरकूलर, आरओ, शौचालय, बिजली व्यवस्था की जांच कर उसका स्टीमेट मय फोटोग्राफ के साथ एक सप्ताह के अन्दर प्रस्तुत करें, ताकि सुविधाओं को जल्द से जल्द मुहैया कराने के लिए कार्रवाई की जा सके। यह निर्देश जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने आवासीय विद्यालय कायाकल्प संबंधी बैठक करते हुए दिया। उन्होंने कहा कि बालक और बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चहार दीवारी को दुरूस्त करने, परिसर की सफाई, स्वच्छ शौचालय, पेयजल, किचन के साथ ही क्लास रूम, आवासीय परिसर, किताब, कापी की उपलब्धता, ड्रेस की उपलब्धता, मीनू के मुताबिक खान-पान व्यवस्था की जाए। आवासीय व्यवस्था के उपयोग में लाई जा रही बेड, चौकी, बिस्तर, गद्दा, चादर, बेडशीट, तकिया की सफाई के साथ ही गुणवत्ता और मजबूत किया जाए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील वर्मा, अपर जिलाधिकारी उमाकान्त त्रिपाठी, बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल, जिला विकास अधिकारी रामबाबू, उप जिलाधिकारी सदर शादाब असलम, घोरावल मानिकनंदन, दुद्धी रामचंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी कृृष्णानंद तिवारी आदि उपस्थित थे।