सोनभद्र। पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा संबद्ध पूर्वांचल राज्य सेवा दल संगठन का स्थापना दिवस समारोह राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में मंगलवार को मनाया गया। यहां केक काटकर खुशी जाहिर की गई। इसके बाद एसडीएम सदर को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश चौबे ने कहा कि जब तक पूर्वांचल राज्य का गठन नहीं होता विकास संभव नहीं है। प्रदेश महासचिव विमलेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा का पृथक राज्य की मांग को लेकर आंदोलन करते हुए एक वर्ष पूरा हो गया। हम सबका एक संकल्प व एक साल पूर्वांचल की बदहाली के खिलाफ आ गया। प्रांतीय महासचिव पंकज कुमार यादव ने कहा कि अपने संकल्प को एकजुटता के साथ आगे बढ़ाते हुए पूर्वांचल राज्य के मांग की आवाज को बुलंद किया जाए। प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पूर्वांचल राज्य जन मोर्चा पूर्वांचल की करीब 15 जिलों में अपना संगठन खड़ा करके पूर्वांचल राज्य के लिए बिगुल फूंक दिया है। अब वह दिन दूर नहीं जब हम लोग अपने पूर्वांचल राज्य में रह कर अपना सवेरा देखेंगे। अपना विकास की योजनाएं अपने यहां बनते हुए देखेंगे। संचालन प्रदेश सचिव संदीप जायसवाल ने किया। इस अवसर पर अतुल कुमार कनौजिया, अशोक कुमार, अविनाश यादव, राजकुमार सिंह, श्याम बिहारी जायसवाल, सुशील कुमार पांडे, अभिषेक मिश्र, संजय कुमार पांडे, बेचन केसरी, लवकुश केसरी, तेज बहादुर सिंह, विमलेश चौबे, ललित चौबे आदि रहे।