सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के कई गांवों में ट्रांसफार्मरों के जलने से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित है और किसान धान की रोपाई तक नहीं कर पा रहे हैं। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में असंतोष है। कोन क्षेत्र के ग्राम पंचायत रोरवा के पुरानपानी गांव में अरविंद सिंह के घर के सामने का ट्रांसफार्मर जलने पर टोल फ्री नंबर पर शिकायत की गई। दो दिन बाद ट्रांसफार्मर आया भी लेकिन चालू करते ही जल गया। ग्राम पंचायत मिटिहिनिया के टोला केरवा में वर्कशाप से बाडी फटा ट्रांसफार्मर भेजा गया। खेमपुर ग्राम पंचायत निवासी किसान ईश्वर नारायण मिश्र ने बताया कि उन्होंने 19 जुलाई को ट्रांसफार्मर जलने की सूचना दी। 24 जुलाई को ट्रांसफार्मर जोड़ा गया और तुरंत जल गया। किसानों ने बताया कि ट्रांसफार्मर चढ़ाने और उतारने के नाम पर बिजली विभाग वसूली कर रहा है। इसके बावजूद पंप नहीं चलने से रोपाई नहीं हो पा रही है। लोगों ने कार्रवाई की मांग की है।