सोनभद्र। मुख्य डाकघर राबर्ट्सगंज के पोस्टमास्टर डीपी वर्मा ने डाक विभाग के एक फ्रेंचाइजीधारक पर गलत तरीके से एक जगह की बजाय, कई जगहों पर डाक घर संचालित करने का आरोप लगाया। उन्होंने गुरुवार को डीएम और एसपी को भेजे पत्र में कहा है कि ब्रह्मनगर निवासी भोला गुप्ता डाक विभाग के फ्रेंचाइजी धारक हैं और एआरटीओ दफ्तर लोढ़ी के लिए अधिकृत हैं लेकिन उनके और उनके साथियों द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर गैर कानूनी तरीके से डाकघर का संचालन किया जा रहा है। बुधवार को जब उन्होंने भोला गुप्ता से एतराज जताया तो उन्हें जानमाल की धमकी और विभागीय कार्यवाही कराने की धमकी दी गई। कहा है कि अगर उनके साथ कोई घटना होती है तो यहीं लोग जिम्मेदार होंगे।