अनपरा। बकाया मजदूरी भुगतान को लेकर अनपरा तापीय परियोजना के श्रमिकों ने मंगलवार को काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि एक ही जॉब पर 10-20 वर्षों तक लगातार कार्य करने के बावजूद मजदूरों को किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। समान कार्य का समान वेतन लागू होना चाहिए। आलम यह है कि मेहनत करने के बाद मजदूरी के लिए भी चार से छह माह तक इंतजार करना पड़ रहा है। लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद भी जिम्मेदारों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। मजदूरी न मिलने से श्रमिकों के समक्ष जहां आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया, वहीं परियोजना प्रबंधन के खिलाफ असंतोष भी गहराता जा रहा है। सरकार श्रमिकों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय विरोध के बाद भी यदि परियोजना प्रबंधन की तंद्रा नहीं टूटती है तो श्रमिक बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सुरेंद्र पाल, तेजधारी गुप्ता, केदार सिंह, विनोद मौर्या, ओम प्रकाश सिंह, रजवंती देवी आदि रहे।