फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुंदेलखंड जैसे हालात न हों, टैंकर से करें पानी आपूर्ति

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। जिले में पानी का संकट शुरू हो गया है। भूजल स्तर नीचे जाने से जगह-जगह हैंडपंप जवाब देने लगे हैं। बुुंदेलखंड, आगरा, मथुरा आदि की तरह जिले में हालात पैदा न हों और लोगों को पानी के लिए तरसना न पड़े, इसको लेकर पंचायत राज विभाग ने कदम उठाया है। डीपीआरओ आरके भारती ने सभी ग्राम पंचायतों के प्रधानों को जरूरत के अनुसार एक से अधिक दो या तीन टैंकरों की खरीद की अनुमति दी है। साथ ही चेताया है कि इसमें वित्तीय नियमों का पूर्णतया पालन किया जाए, अन्यथा कार्रवाई भी होगी। जिले में पानी का संकट दिनों दिन बढ़ता रहा है। जैसे-जैसे गर्मी तेज हो रही है, भू-जल स्तर नीचे की ओर खिसकता जा रहा है। मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में अभी से ही लोगों के हैंडपंपों ने जवाब देना शुरू कर दिया है। खासकर नगवां ब्लॉक के पहाड़ी क्षेत्र खोड़ैला, पनौरा, सोमा, पल्हारी, चिचलिक, चोपन ब्लॉक के रेणुकापार के गांवों, पानी संकट के लिए डार्क जोन माने जाने वाले घोरावल ब्लॉक के तमाम गांवों में पानी की परेशानी अभी से शुरू हो गई है। इस समस्या से निपटने के लिए पंचायत राज विभाग की ओर से चिह्नित किये गए 16 हजार हैंडपंपों की मरम्मत और 772 हैंडपंपों का रीबोर अब तक कराया जा चुका है। इसके बावजूद जिले में तमाम ऐसी जगहें हैं, जहां के लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। जिला पंचायत राज विभाग ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सभी ग्राम पंचायतों को टैंकर खरीद कर उससे पानी की आपूर्ति कराने का निर्देश जारी किया है। डीपीआरओ आरके भारती ने बताया कि पंचायती राज निदेशक ने बुंदेलखंड क्षेत्र एवं आगरा, मथुरा, सोनभद्र और मिर्जापुर जिले में गर्मी में पेयजल की समस्या एवं इसके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। निर्देश के अनुसार पेयजल संकट उत्पन्न होने की स्थिति में ग्राम पंचायत वार रोस्टर के अनुसार योजना बद्घ टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश के क्रम में सभी ग्राम पंचायतों को एक से अधिक दो या तीन टैंकर राज्य वित्त, चौदहवां वित्त की धनराशि से खरीदकर पानी की आपूर्ति कराने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें