शक्तिनगर। एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय क्षेत्र में स्थित संत जोसेफ स्कूल में मंगलवार को आयोजित कार्यशाला में शिक्षकों तनावमुक्त रहने के तरीके बताए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य फादर वाल्टर डिसिल्वा ने किया। विद्यालय में शिक्षकों के लिए आयोजित स्ट्रेस मैनेजमेंट विषयक कार्यशाला में जबलपुर से आईं डॉ. नीतू राउत ने विभिन्न दृष्टांतों के माध्यम से शिक्षकों तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय सुझाए। साथ ही विद्यार्थियों का तनाव दूर करने के भी टिप्स दिए। प्रथम सत्र में नीतू ने कहा कि हमें तनाव से बचने के लिए हर परिस्थिति में खुश रहने का प्रयास करना चाहिए। उनका कहना था कि कभी-कभी बौद्धिक तनाव हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है किंतु भयावह तब हो जाता है जब वह हमें न केवल शारीरिक अपितु मानसिक क्षति भी पहुंचाने लगता है। द्वितीय सत्र में अध्यापकों ने नाटकीय प्रस्तुति से हास्यास्पद ढंग से यह दिखाया कि हम किस प्रकार सामाजिक व पारिवारिक तनाव से घिरे रहते हैं और कैसे इससे मुक्त हुआ जा सकता है। अंतिम सत्र में ओरिएंटल ब्लैक्स्वान वाराणसी के दिव्य प्रताप सिंह ने छात्रों व शिक्षकों के संबंधों में प्रगाढ़ता लाने पर जोर देते हुए तनाव से मुक्ति के अनेक सहज उपाय बताए। शिक्षक सेनुमोन जोसेफ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।