सोनभद्र। स्वास्थ्य विभाग ने दुर्गा पाली क्लिनिक राबर्ट्सगंज मेें ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से कुमारी देवी की आंत कटने के मामले की जांच शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम कुमार के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम जांच के लिए गठित कर दी है। साथ ही नोटिस जारी कर अस्पताल संचालक से जवाब मांगा है।बताते चले कि कुछ दिन पूर्व दुर्गा पाली क्लिनिक पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी सीताराम की पत्नी कुमारी देवी के पेट में मृत बच्चे को निकालने के लिए ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बजाय बिगड़ गई। घरवाले उसे दूसरे एक निजी अस्पताल में ले गए तो पता चला डॉक्टर ने आंत की नस काट दी है। इसको लेकर शनिवार को दुर्गा पाली क्लिनिक महिला के घरवालों कुछ लोगों के साथ पहुंच कर हंगामा करने लगे। सदर एसडीएम शादाब असलम, सिटी सीओ राहुल मिश्रा ने क्लिनिक संचालक के खिलाफ कार्यवाही कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि क्लिनिक को सील कराने के बाद संचालक एसके यादव को नोटिस जारी की गई है। जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। टीम में डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. रामकुमार और जिला मलेरिया अधिकारी धर्मेंद्र श्रीवास्तव शामिल है। उन्होंने कहा कि नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्त कर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उधर, राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने बताया कि सीताराम ने क्लिनिक से जुड़े लोगों से सुलह-समझौता कर मुकदमा दर्ज कराने से इंकार कर दिया।