म्योरपुर। म्योरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत रणहोर में हुए विकास कार्यों का शुक्रवार को संयुक्त विकास आयुक्त राजीव बनकटा ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की हिदायत संबंधितों को दी। मुख्यमंत्री समग्र ग्राम योजना के तहत चयनित रणहोर ग्राम पंचायत का शुक्रवार को संयुक्त विकास आयुक्त ने पंचायत में लगे सोलर लाइटों, राज्य वित्त व 14वां वित्त के कार्य व मनरेगा से बन रहे तालाब आदि कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय रणहोर के कायाकल्प के कार्य को देखकर सराहना की। उन्होंने कहा कि गांव का बेहतर तरीके से विकास हो रहा है लेकिन कार्यों में और पारदर्शिता लाने की जरूरत है। उन्होंने ब्लाक अधिकारियों से ग्राम पंचायतों का समय-समय पर दौरा कर विकास कार्यों के स्थलीय निरीक्षण का भी निर्देश दिया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी श्रवण राय, ग्राम प्रधान अजय प्रकाश पांडेय, सचिव अरुण यादव, दीपक सिंह, शैलेन्द्र सिंह व तकनीकी सहायक गंगाराम यादव समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।