अनपरा। उर्जांचल में शनिवार को आए चक्रवात के कारण 48 घंटे से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। बिजली नहीं रहने से जहां लोग भीषण गर्मी में बिलबिला गए हैं, वही पेयजल की भारी किल्लत ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की सुस्त कार्य प्रणाली से चक्रवात के 48 घंटे बाद भी बिजली व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। बिजली नहीं रहने से जहां भीषण गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो गया है, वही लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस गए हैं। गर्मी के कारण न ही लोग सो पा रहे है और न ही नहा पा रहे । आलम यह है कि घरों में पीने के लिए पानी नहीं है लोग दूर से हैंडपंपों से पानी भरने को विवश हैं। कहने को तो विद्युत वितरण विभाग द्वारा तीन दर्जन कर्मी व दो मशीन सहित एक हाइड्रा लगाया गया लेकिन स्थिति को देखते हुए यह नाकाफी साबित हो रहा है। बिजली विभाग ने दावा किया था कि मेन लाइन रविवार की देर रात्रि तक दुरस्त कर ली जाएगी लेकिन सोमवार की शाम तक अनपरा व गरबंधा फीडर से विद्युत व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई थी।