सोनभद्र। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों को खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) कराने वाले ग्राम प्रधानों का सम्मान समारोह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। डीएम पीके उपाध्याय ने 20 ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर और बैज लगाकर सम्मानित किया। साथ ही एक जुलाई से चरणवार तरीके से ओडीएफ कराने की रूपरेखा भी तय कर दी। इस दौरान डीएम ने कहा कि जो बाहर में शौच करेगा, वह जेल जाएगा। निगरानी समिति की उपेक्षा करने वाले और धमकी देने वाले अवांछनीय तत्वों की जगह जेल में होगी। साफ-सफाई बेहतर तंदुरुस्ती का आधार है। इसलिए सभी गांवों को ओडीएफ कराये बिना स्वस्थ समाज की स्थापना नहीं की जा सकती। खुले में शौच करना एक अभिशाप है, इस कलंक को मिटाने के लिए सभी को आगे आना होगा। उन्होंने ओडीएफ के निकट पहुंचने वाले 80 ग्राम प्रधानों की हौसला आफजाई की। इस दौरान सीडीओ रामाश्रय, प्रशिक्षु आईएएस अतुल वत्स, सीएमओ डा.केजी सिंह, प्रभारी डीपीआरओ गोपाल जी ओझा सहित प्रधान मौजूद रहे।