सोनभद्र। राबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सुभाव गांव के पास बुधवार को दोपहर बाद सवारियों को लेकर जा रहा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान ऑटो पर सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों को तियरा पीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि राबर्ट्सगंज की ओर से रामगढ़ की तरफ बुधवार की दोपहर में करीब तीन बजे ऑटो सवारियों को लेकर तेज रफ्तार से जा रहा था, तभी सामने अचानक आए साइकल सवार को बचाने में ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा पलटा। इस दौरान ऑटो पर सवार रायपुर थाना क्षेत्र के रईयां गांव निवासी रामलगन(35), पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पडऱी गांव निवासी विवेक(14) एवं कौशिल्या (34), ऊंची गांव निवासी सुशीला (38) तथा वर्षा (07) साल घायल हो गई। जख्मी हाल में घायलों को तियरा पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर कीर्ति आजाद बिंद ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए रामलगन, विवेक और सुशीला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।