दुद्धी। दुद्धी से लखनऊ तक की बस सेवा की बार एसोसिएशन की मांग शुक्रवार को पूरी हो गई। यहां से संकल्प बस सेवा सुबह साढ़े सात बजे लखनऊ के लिए रवाना हुई। इससे अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल है। सोनभद्र डिपो के एआरएम बालेंद्र तिवारी ने कहा बताया कि अधिवक्ताओं की जायज मांग को देखते हुए दुद्धी से लखनऊ तक की संकल्प बस सेवा शुरू कर दी गयी है। यह बस पहले शक्तिनगर से लखनऊ चलती थी, जिसे अब दुद्धी से शुरू किया है। यह बस शुक्रवार को प्रथम दिन लखनऊ के लिए रवाना की गई है, जो संभवत: आठ बजे शाम लखनऊ पहुंचेगी। शनिवार से इसकी समय सारिणी जारी कर दी जाएगी। बता दें कि पखवारे भर पूर्व दुद्धी बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सोंनभद्र डिपो के एआरएम बालेंद्र तिवारी से मिला था। इस एआरएम ने शीघ्र ही सुविधा देने का आश्वासन दिया था। बस सेवा शुरू होने से कुलभुषण पांडेय, दिनेश अग्रहरि, राजन श्रीवास्तव, रामपाल जौहरी, प्रेमचंद्र यादव मौजूद रहे।