ओबरा। भारतीय संविदा श्रमिक संगठन की बैठक रविवार को गांधी मैदान में हुई। इसमें संगठन के अध्यक्ष मणिशंकर पाठक ने कहा कि स्थानीयों को रोजगार के अवसर पॉवर प्लांट में दिया जाना चाहिए, क्योंकि जिले के औद्योगिक गतिविधियों के दुष्प्रभाव से स्थानीयों को निरंतर क्षति ही मिल रही है। युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के नाम पर खानापूर्ति किया जाना अनुचित है। नवनिर्माण हो रहे प्लांटों में ज्यादातर गैर प्रदेश के लोगों को रखा जा रहा है, जिसके कारण हजारों कामगार रोजी रोटी के लिए जनपद से पलायन करने को मजबूर हो जाते हैं। सुशील मिश्रा संग्राम ने कहा कि मजदूर सदैव लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता है। उसके बाद भी भ्रष्टाचार फैलाने वालों पर असर नहीं पड़ रहा है। कार्यवाहक अध्यक्ष राज्यपाल गौतम ने कहा कि संगठन की एकजुटता से अन्य अराजक मजदूर नेता घबराकर षड्यंत्र रच रहे हैं, लेकिन संगठन उक्त तत्वों की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा करता है। बैठक में फुलगेंद्र झा, सुनील जायसवाल, आसिफ खान, गोपाल यादव, जय शुक्ला आदि मौजूद रहे।