ओबरा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के गेट पर सोमवार को छात्रों के चलाए जा रहे बेमियादी धरने के 11वें दिन कॉलेज प्रशासन से छात्रों की वार्ता विफल रही। छात्रों की 15 सूत्री मांगों को लेकर कॉलेज प्रशासन 11वें दिन आंदोलनकारियों से वार्ता करने पंहुचा, लेकिन आंदोलनकारी छात्र हित की सभी मांगों पर अड़े रहे जिससे सहमति न बनने के कारण वार्ता विफल रहीं। छात्र नेता हिमांशु यादव व शुभम पटेल ने कहा कि छात्र हितों में उठाई गई मांगों के सापेक्ष कालेज प्रशासन की उदासीन रवैये की भेंट आखिर हम छात्र ही क्यों चढ़े। शैक्षिक व्यवस्थाओं के परिवर्तन को लेकर कॉलेज प्रशासन गंभीर नहीं है, जिससे महाविद्यालय के पठन पाठन कोर्सों, सांस्कृतिक पटल, क्रीड़ा व योजनाओं की सुविधा दिन प्रतिदिन समाप्त होती जा रही है। प्रत्येक वर्ष होने वाले वार्षिक समारोह को कई वर्षों से नहीं कराया जा रहा है, जिससे प्रतिभावान लोगों का हुनर दब रहा है। वार्ता के दौरान कॉलेज के प्राध्यापक डा. राधाकांत पांडेय, प्रमोद कुमार, केके सिंह, उपेंद्र, नसरुद्दीन, दिनेश पटेल, प्रदीप यादव, मुरली मनोहर, आशुतोष, अवदेश यादव, शहजाद खान, घनश्याम यादव, सुनील, धर्मेंद्र कुमार, रंजीत, सूरज सिंह, अंकित, रामप्रकाश मिश्रा, अमरेश सिंह, कमलेश कुमार आदि रहे।