शक्तिनगर। पावर कारपोरेशन के उच्चाधिकारियों के आश्वासन पर इलाके के
उपभोक्ताओं ने मंगलवार को होने वाले आंदोलन को स्थगित कर दिया। जले के
बदले दूसरे ट्रांसफार्मर के शक्तिनगर पहुंचने से लोगों में उम्मीद जग गई
है। अधिकारियों ने दावा किया कि बुधवार शाम तक आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।
कोटा सब स्टेशन में पांच एमवीए व छह एमवीए क्षमता का दो ट्रांसफार्मर
स्थापित किए गए थे। बीते सप्ताह पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था।
इसी के बाद इलाके के कस्बों व गांवों की बिजली आपूर्ति बुरी तरह लडख़ड़ा
गई। इस दौरान छह एमवीए के दूसरे ट्रांसफार्मर से चार-चार घंटे का शेड्यूल
निर्धारित कर बिजली देने का प्रयास किया गया लेकिन पूरी तरह बेपटरी हो
चुकी व्यवस्था से यह प्रयोग सफल नहीं हुआ। इसी के बाद उपभोक्ताओं ने
आंदोलन का राह पकड़ लिया। चेतावनी के बाद कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस
संवेदनशील हुई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी आला अधिकारियों तक पहुंचाया।
माना जा रहा है कि इसी का नतीजा है कि मंगलवार पांच एवीए का दूसरा
ट्रांसफार्मर सब स्टेशन पहुंचा ही बल्कि उसे शाम तक स्थापित भी कर दिया
गया। प्लेटफार्म पर ट्रांसफार्मर को रखने के बाद कर्मचारियों ने आपूर्ति
बहाली के लिए पूरी ताकत झोंक दिया। अधिकारियों ने दावा किया कि सबकुछ सही
दिशा में चला तो बुधवार शाम तक पूरे इलाके की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।