फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: दो एमएलसी चुनने के लिए 34 बूथों पर 18588 मतदाता आज देंगे वोट, रहेगी कड़ी सुरक्षा

विज्ञापन
कलेक्ट्रेट से स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए रवाना होते मतदान कार्मिक। संवाद - फोटो : 1
विज्ञापन
सोनभद्र। वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्तूबर को जिले में 34 बूथों पर वोट पड़ेंगे। जिले में कुल 18588 मतदाता हैं। शिक्षक चुनाव में 1738 और स्नातक चुनाव में 16812 मतदाता पंजीकृत हैं। सकुशल चुनाव कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। देर शाम तक सभी पार्टियां निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है। उधर, मतदाताओं को अपने पक्ष में रिझाने के लिए अंतिम समय तक प्रत्याशी और उनके समर्थक पूरा जोर लगाए रहे। खंड स्नातक चुनाव के लिए राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में चार बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 3600 से अधिक मतदाता हैं। इसके अलावा जय ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुर्क में एक बूथ पर 496 मतदाता दर्ज हैं। रॉबर्ट्सगंज विधानसभा में चतरा और नगवां ब्लॉक कार्यालय में भी एक-एक बूथ पर मतदान होगा। ओबरा विधानसभा में कुल छह बूथ हैं। कोन, चोपन ब्लॉक कार्यालय के अलावा आदित्य बिरला इंटर कॉलेज रेणुकूट, राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी, राजकीय इंटर कॉलेज अनपरा और ओबरा इंटर कॉलेज में एक-एक बूथ है। दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक कार्यालय दुद्धी में दो, ब्लॉक कार्यालय बभनी, कंपोजिट विद्यालय बीजपुर, प्राथमिक पाठशाला बीना प्रोजेक्ट में एक-एक बूथ बनाए गए हैं। घोरावल में तीन बूथ ब्लॉक कार्यालय घोरावल में दो और करमा ब्लॉक में एक बूथ है। सभी बूथों पर मतदान कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से बृहस्पतिवार को मतदान सामग्री के साथ पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई। विधानसभा क्षेत्रवार बने अलग-अलग टेबल से कार्मिकों ने मतदान सामग्री प्राप्त की। उसका मिलान किया और सकुशल मतदान कराने के बारे में बारीकियां जानीं। डीएम चर्चित गौड़ ने रवानगी स्थल पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं। पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस मौके पर एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल आदि मौजूद रहे। वाराणसी खंड शिक्षक चुनाव में कुल 13 बूथों पर मतदान होना है। रॉबर्ट्सगंज विधानसभा में राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज के कमरा नंबर तीन के बूथ पर सबसे ज्यादा 391 मतदाता हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में नगवां और चतरा ब्लॉक कार्यालय में एक-एक बूथ बनाए गए हैं। घोरावल में करमा और घोरावल ब्लॉक कार्यालय, दुद्धी में दुद्धी, बभनी ब्लॉक कार्यालय, बीना प्रोजेक्ट के प्राथमिक पाठशाला के कमरा नंबर 2 में शिक्षक खंड के लिए मतदान होगा। ओबरा विधानसभा क्षेत्र में चोपन और कोन ब्लॉक कार्यालय के अलावा इंटर कॉलेज ओबरा, जीआईसी अनपरा व आदित्य बिरला इंटर कॉलेज रेणुकूट में मतदान होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें