सोनभद्र। जिले की चारों तहसीलों में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 203 शिकायतें आईं। इसमें 21 का मौके पर समाधान किया गया। सीडीओ सौरभ गंगवार ने ओबरा में शिकायतें सुनी तो एडीएम सहदेव मिश्र सदर तहसील में मौजूद रहे।
ओबरा में सीडीओ ने शिकायतों को सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध तरीके से निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कहा कि प्रकरणों का समाधान मौके पर जाकर ही करें। किन्हीं कारणों से जो प्रार्थना पत्र आज हल नहीं हो पाए हैं, उन्हें अगले एक-दो दिन में मौके पर जाकर समाधान कराएं। इसमें गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाय। जमीन संबंधी प्रकरणों के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजने के लिए कहा। इस मौके पर एसडीएम अरुण गिरी सहित अन्य अधिकारी रहे। सदर तहसील में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम निखिल यादव, तहसीलदार सुशील कुमार आदि रहे। घोरावल में एसडीएम अजय कुमार सिंह और दुद्धी में सुरेश राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतें सुनी गईं।