विंढमगंज। इलाके के बुटबेढ़वा स्थित कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चे अब यहां शाही ट्रेन की तरह से सजे स्कूल में पढ़ाई का लुत्फ उठाएंगे। कायाकल्प योजना के तहत अब इस स्कूल के भवन की पूरी तस्वीर ही बदल दी गई है। साज-सज्जा और दीवालों की पेंटिंग इस तरह की गई है कि जैसे बच्चे शाही ट्रेन में सवार होकर पढ़ाई कर रहे हैं। नए रूप से सजे प्राथमिक विद्यालय का शुक्रवार को प्रधान पवन कुमार रजक और एनपीआरसी राजकमल यादव ने फीता काटकर लोकार्पण किया। कहा कि अब विद्यालय का भौतिक परिवेश आकर्षक हो गया है। इससे बच्चों में पढ़ाई की ललक बढ़ेगी। बच्चों में भी नए भवन सज्जा को लेकर उत्साह बना रहा। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजकमल कहा कि विद्यालय में इस समय 102 बच्चे अध्ययनरत हैं। अगले शिक्षासत्र में यहां 150 बच्चों के नामांकन का लक्ष्य रखा गया है। विद्यालय की सजावट आकर्षक तो है ही, यहां एक बड़ा खेल का मैदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्टेज, बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, प्रार्थना सभा के लिए साउंड सिस्टम उपलब्ध कराया गया है। बच्चों को साफ.-सफाई, सामान्य ज्ञान की बातें प्रार्थना सभा में सिखाई जाती हैं। इस मौके पर श्वेता जायसवाल, पद्मावती, अंजू रानी, शालिनी गुप्ता, विकास सिंह, अनुराग तिवारी आदि उपस्थित रहे।