सोनभद्र। नगर निकाय चुनाव में नामांकन के सातवें दिन अध्यक्ष पद पर 18 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सदस्य पद के लिए विभिन्न निकायों से 178 प्रत्याशियों के नामांकन हुए। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। भाजपा, कांग्रेस के ज्यादातर उम्मीदवारों के नामांकन अभी नहीं हुए हैं। अंतिम तिथि पर भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
सदर तहसील में नगर पालिका सोनभद्र से अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी उषा सोनकर ने नामांकन किया। नामांकन से पहले रामलीला मैदान से नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। मेन चौक से पन्नूगंज रोड, महिला थाना, हाइडिल मैदान होते हुए जुलूस तहसील पहुंचा। जुलूस में जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश चंद्र दुबे, निवर्तमान जिलाध्यक्ष विजय यादव, संजय यादव, सईद कुरैशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। तहसील सभागार में सभासद पद पर 24 प्रत्याशियों ने वार्डवार बने काउंटर पर नामांकन कराया। तहसील परिसर में ही चुर्क नगर पंचायत से कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नी देवी ने पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। आम आदमी पार्टी उर्मिला देवी ने भी पर्चा जमा किया। दुद्धी: स्थानीय तहसील परिसर में चार नगर पंचायतों के लिए नामांकन को लेकर पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। अनपरा से अध्यक्ष पद पर माले उम्मीदवार विशंभर कुमार सिंह, निर्दलीय प्रवीण कुमार, गोपाल यादव, रामगोविंद, मनोज कुमार ने अध्यक्ष पद पर और सभासद के लिए 26 ने नामांकन पत्र जमा किया। रेणुकूट से अध्यक्ष पद पद बसपा के रामाश्रय यादव व सभासद पद पर 13 ने पर्चा जमा किया। पिपरी से अध्यक्ष पद पर रामपाल जौहरी व दीपा चौरसिया ने नामांकन किया। सदस्य पद पर नौ लोगों ने पर्चा दाखिल किया। पिपरी से दिग्विजय सिंह व अजीत गुप्ता ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया। सदस्य पद के लिए 27 नामांकन हुए। ओबरा: राजकीय पीजी कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के दौरान रविवार को ओबरा नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी चांदनी समेत तीन, सदस्य पद पर 33, चोपन नगर पंचायत से अध्यक्ष के 1, सदस्य पर 13, डाला नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर 2 और सदस्य के लिए 18 लोगों ने नामांकन किया। घोरावल: नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बसपा उम्मीदवार सूरज श्रीवास्तव ने नामांकन दाखिल किया। वहीं सदस्य पद के लिए 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इसमें बसपा के आठ उम्मीदवार हैं। इसके पूर्व रविवार को निर्दल उम्मीदवार इंद्रावती देवी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।