म्योरपुर। स्थानीय वन रेंज के दुद्धी मार्ग पर मंगलवार की सुबह वन विभाग की टीम ने एक पिकअप को 18 बोटा खैर की लकड़ी के साथ पकड़ लिया। लकड़ी संबंधित कागजात न दिखा पाने पर वन विभाग ने उसे रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया।
म्योरपुर वन रेंज अंतर्गत खैर की लकड़ी का अवैध कटान नहीं रुक पा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी जबर सिंह ने टीम बनाकर धर पकड़ का प्रयास किया तो उन्हें मंगलवार को सफलता मिली। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। खैर की लकड़ी की कटान कर इसे कत्थे के रूप में प्रयोग किया जाता है। टीम में वन क्षेत्राधिकारी जबर सिंह, वन दरोगा विजेंद्र सिंह, अनिल कुमार, शकील अहमद, सर्वेश कुमार, चंद्रभान, विशाल पाठक शामिल रहे।
अवैध बालू परिवहन में ट्रैक्टर सीज, चालक गिरफ्तार
बीजपुर। रेणुकूट वन प्रभाग के जरहा वन क्षेत्र के खम्हरिया ग्राम पंचायत के टोला डूमरचुवा में वन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर को अवैध बालू परिवहन करते पकड़ा। ट्रैक्टर को सीज कर दिया गया है। चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक बाइक भी कब्जे में ली गई है। सवार फरार हो गया। उसे चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है। टीम में रेंजर राजेश सिंह, श्यामलाल, शिवमंगल आदि रहे। संवाद