शक्तिनगर। एनटीपीसी विंध्याचल में मंगलवार को आयोजित 62वीं राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में हिंदी को आदत में शामिल करने पर जोर दिया गया। हिंदी के नियमित इस्तेमाल पर जोर दिया गया। एनटीपीसी विंध्याचल के महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण सुनील कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कई महत्पूर्ण सुझाव दिए। परियोजना के प्रशासनिक भवन सभागार में हुई बैठक में परियोजना के विभागों-अनुभागों में राजभाषा अधिनियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना एवं इस दिशा में हो रही प्रगति की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई। प्रबंधक (राजभाषा एवं नैगम संप्रेषण) सतीश कुमार श्रीवास्तव ने कार्यान्वयन समिति के सदस्यों का स्वागत किया गया। इसमें जनवरी से मार्च के बीच होने वाली तिमाही बैठक में राजभाषा अनुभाग की विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी दी गई। विगत बैठक के दौरान लिए गए विभिन्न निर्णयों की जानकारी दी गई। चिकित्सालय विभाग के डॉ. राजपाल सिंह ने खसरा पर एक पावर पॉइंट प्रस्तुति दी, जिसे समिति ने सराहा। राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण वं प्रभारी विंध्याचल सुनील कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभागों में हिंदी पत्राचार को बढ़ाने, तिमाही प्रगति रिपोर्ट समय पर राजभाषा अनुभाग को भिजवाने और अधिकाधिक कार्य राजभाषा हिंदी के माध्यम से किए जाने के लिए कहा। सहायक प्रबंधक (राजभाषा) संतोष कुमार श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।