रेणुकूट। जनपद में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को गुरुवार एवं शुक्रवार को बंद करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद नगर के तमाम विद्यालय खुले रहे। कुछ विद्यालय तो गुरुवार को खुले लेकिन शुक्रवार को बंद कर दिए गए। स्कूलों के खुलने की वजह से मजबूरन बच्चों को भीगते हुए या किसी तरह स्कूल जाना पड़ा। इसे लेकर अभिभावकों में आक्रोश देखा गया। अभिभावकों का कहना है कि प्रशासन के आदेश के बावजूद स्कूलों का खुलना तानाशाही रवैये को दिखाता है। शनिवार को भी बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में अवकाश की घोषणा कर दी है। फिर भी तमाम विद्यालयों में छुट्टी की सूचना बच्चों को नहीं दी गई है।