म्योरपुर। थाना क्षेत्र के करीब तीन दर्जन गांवों में दूूसरे दिन गुरुवार को भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बारिश के दिनों में लगभग 36 घंटे से बिना बिजली के उपभोक्ता रह रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी व्याप्त है। पिछले सात दिनों में म्योरपुर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लड़खड़ाई है। इन सात दिनों में मात्र मंगलवार की रात में विद्युत आपूर्ति की गई। बुधवार की सुबह से ही बिजली आपूर्ति ठप है जो गुरुवार की शाम सात बजे तक बहाल नहीं हो सकी थी। पिछले करीब 36 घंटे से लगातार बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने तत्काल बिजली आपूर्ति शुरू न होने पर बिजली विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है। इस संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता राजीव वर्मा ने कहा कि 33 हजार वोल्टेज की लाइन में फाल्ट होने की वजह से आपूर्ति ठप है। उन्होंने कहा मरम्मत का कार्य चल रहा है। संभावना है कि देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।