सोनभद्र । तेज धूप व उमस से लोग बेहाल होते जा रहे हैं। सुबह आठ बजे के बाद चटख धूप व गर्म हवाओं के झोंकों से लोग दिन में घरों में कैद हो जा रहे हैं। तेज धूप के कारण स्कूल जाने में बच्चों को भी मुसीबत झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को और भी तीखीं धूप होगी। दो डिग्री तापमान ज्यादे रहेगा। सोनांचल में गर्म हवाओं के चलने का दौर शुरू हो गया है। जिसकी वजह से रविवार को अधिकतम पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। धूप व उमस से बीच बिजली कटौती से और परेशानी बढ़ जा रही है। जैसे-जैसे धूप तेज हो रही शीतल पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ती जा रही है। हालत यह है कि दिन में 11 बजे से ही गुलजार रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। उमस व लू के चलते दुकानों में ग्राहक नजर नहीं आ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि तेज धूप का असर बिक्री पर दिखने लगा है। दिन में ग्राहक निकल ही नहीं रहे हैं। शाम पांच बजे के बाद लोग खरीददारी को निकल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक रविवार को जिले में अधिकतम 41 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान में और बढ़ोत्तरी होने की संभावना है।