सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद से खसरा रजिस्टर गायब होने के मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर हुई है। 12 फरवरी 2018 को नगर पालिका राबर्ट्सगंज के नामांतरण लिपिक प्रसिद्धनाथ शुक्ल ने ईओ को अवगत कराया कि वर्ष 1940-41 का खसरा रजिस्टर उनकी आलमारी से चोरी हो गया है। उपरोक्त खसरा रजिस्टर के अभिरक्षा की जिम्मेदारी प्रसिद्धनाथ की थी। मामला संज्ञान में आने पर ईओ ने खसरा रजिस्टर चोरी होने के संबंध में कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा। लेकिन अधिशासी अधिकारी के समक्ष उपरोक्त रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया। जबकि चोरी हुए रजिस्टर मेें कस्बा राबर्ट्सगंज मेें पुरानी आबादी के भूमि और भवनों का विवरण दर्ज है। जिस पर नामांतरण/वरासत दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाती है। उपरोक्त रजिस्टर में दर्ज सूचनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण है। ईओ ने कोतवाल को रजिस्टर चोरी होने की तहरीर दी। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि अधिशासी अधिकारी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ खसरा रजिस्टर चोरी करने का मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।