एनसीएल खड़ीया कोल परियोजना से परियोजना के लिए रवाना हुई मालगाडी़ ककरी मे टैक से हुई बेपटरी। संव
रेणुसागर, सोनभद्र। अनपरा तापीय परियोजना के लिए कोयला ले जा रही एक मालगाड़ी सोमवार देर रात ककरी क्षेत्र के पास बेपटरी हो गई। मालगाड़ी के 17 वैगन पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। घटना रात करीब दो बजे की है। एनसीएल की खड़िया परियोजना शक्तिनगर से 37 वैगनों वाली यह मालगाड़ी अनपरा तापीय परियोजना की ए इकाई के एमजीआर कोल यार्ड के लिए रवाना हुई थी। ककरी क्षेत्र के पास अचानक एक वैगन के पहिए का लॉक पिन टूट गया। इससे पहिया बोगी से अलग हो गया और देखते ही देखते 17 वैगन पटरी से उतर गए। तेज आवाज सुनकर आसपास की बस्तियों के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर सीआईएसएफ की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षाबलों ने लोगों को शांत कराया और अधिकारियों को जानकारी दी। अनपरा तापीय परियोजना के एमजीआर विभाग के अधिकारियों और सीआईएसएफ जवानों ने राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वैगनों को अलग कर शेष 20 वैगनों को सुरक्षित रूप से कोल यार्ड तक पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में इस घटना के पीछे संविदाकार की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि वैगनों के पहियों और अन्य उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव में कमी के कारण लॉक पिन टूटा। घटनास्थल पर देर रात से ही पटरी से उतरे वैगनों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाने का कार्य जारी रहा। रेलवे और परियोजना से जुड़े अधिकारी ट्रैक को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं। अनपरा तापीय परियोजना एमजीआर के अधिशासी अभियंता प्रभाकर ने बताया कि परियोजना के अंदर कोई दुर्घटना नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कोल ट्रांसपोर्टिंग के दौरान कोई घटना हुई है, तो उसकी निरीक्षण टीम अलग है। जानकारी मिलने पर परियोजना की तरफ से मामले की जांच की जाएगी।