रेणुकूट(सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के शुरू होते ही दुर्गा पूजा की तैयारी भी शुरू हो गई है। हिण्डाल्को मिताली क्लब दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से इस बार नांव की आकृति का पूजा पंडाल तैयार कराया जा रहा है। मिताली क्लब दुर्गा पूजा कमेटी के सचिव पोल्टू चट्टोपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष कोलकाता से आई 20 डेकोरेटर्स की टीम विगत एक माह से हिंदू पौराणिक कथा चांद सौदागर से ली गई नांव की आकृति का पंडाल का निर्माण कर रही है, जिसका कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कोलकाता से ही आये शिल्पकारों की टीम एक माह से मां दुर्गा व अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां भी मिताली क्लब परिसर में ही निर्मित कर रही है। मिताली क्लब के अध्यक्ष निर्मल्या सेन ने बताया कि दुर्गा पूजा का शुभारंभ 15 अक्तूबर को शाम षष्ठी बोधन के साथ मां दुर्गा के प्राण प्रतिष्ठा से होगा। इसका समापन 20 अक्तूबर को मूर्ति विसर्जन से होगा।