शक्तिनगर । एनसीएलके अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पी के सिन्हा ने मंगलवार को स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए उसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। एनसीएल में मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के दौरान कंपनी मुख्यालय में साफ सफाई भी की गई। सीएमडी ने एनसीएल मुख्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने, स्वच्छता को समय देने, हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान करके स्वच्छता के संकल्प को चरितार्थ करने, गंदगी न करने एवं न किसी और को करने देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में सीएमडी सहित एनसीएल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रमदान कर एनसीएल मुख्यालय परिसर की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। आगामी 30 जून तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के दौरान एनसीएल मुख्यालय, कंपनी के सभी क्षेत्रों, स्थानीय इलाकों में बड़े पैमाने पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।