रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के रिहंद बांध के पास वन विभाग की पौधशाला के नीचे नहाते समय दो युवकों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पाकर पुलिस गोताखोरों की मदद से डूबे युवकों की तलाश में लगी हुई है। लेकिन शाम तक लड़कों का पता नहीं चल सका है। अनपरा थाना क्षेत्र के परासी गांव निवासी तीन युवक सनी, मोहन व मनीष रविवार की दोपहर बांध पर बने पुल के समीप नहाने चले गए। तीनों युवकों को नहाते देख नजदीक ही खड़ा रेणुकूट निवासी एक युवक भी नहाने लगा। चारों युवक नहा रहे थे कि इसी बीच सोहन व मनीष डूबने लगे। इन दोनों को सनी व रेणुकूट निवासी युवक बचाने चले गए। दोनों युवकों ने सोहन और मनीष को तो बचा लिया, लेकिन खुद डूब गए। दोनों युवकों के डूबने की सूचना युवकों ने सड़क पर पहुंचकर लोगों को दी। सूचना पाकर पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। युवकों की तलाश की जा रही है। अब तक उनका पता नहीं चल सका है।