सिंगरौली। एनसीएल के तीन कोयला परियोजनाओं के महाप्रबंधक रह चुके मनोज कुमार प्रसाद ने मंगलवार को एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी) का कार्यभार संभाल लिया।
ओपनकास्ट एवं अंडरग्राउंड कोल माइनिंग के क्षेत्र में 33 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले मनोज कुमार प्रसाद एनसीएल में खडिय़ा, दुधीचुआ और बीना कोयला परियोजना के महाप्रबंधक रह चुके हैं। प्रसाद ने वर्ष 1985 में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री ली और इसी वर्ष कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी सीसीएल में बतौर माइनिंग इंजीनियर अपनी सेवाओं की शुरुआत की। सीसीएल के बाद उन्होंने एसईसीएल में अपनी सेवाएं दीं और एसईसीएल के अपने कार्यकाल में वे 6 वर्षों से अधिक समय तक भारत के सबसे बड़ी कोयला खदान गेवर ओसीपी के माइंस मैनेजर भी रहे और इस अवधि में गेवरा का वार्षिक कोयला उत्पादन 19 मिलियन टन से बढ़कर 35 मिलियन टन हो गया। प्रसाद ने वर्ष 1994 में टेक्नोलॉजी ट्रांसफर प्रोग्राम के तहत ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया। साथ ही वर्ष 2017 में उन्होंने एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया गई कोल इंडिया की बिजनेस डेलीगेशन टीम की अगुवाई की। एनसीएल के सीएमडी पी के सिन्हा एवं निदेशक मंडल सहित समस्त एनसीएल परिवार ने प्रसाद को बधाई दी है।