सोनभद्र। पांचवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने इसकी तैयारी को लेकर बैठक की और अधिकारियों को निर्देश दिया। योग की तैयारी के लिए नौ सदस्यी जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर दी गई है। एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रशासन ने 21 जून को जिले का मुख्य योगाभ्यास विशिष्ट स्टेडियम तियरा राबर्ट्सगंज में कराने का निर्णय लिया है। योग पखवारा 15 जून से 30 जून तक चलेगा। इसका उद्घाटन डीएम अंकित कुमार अग्रवाल 15 जून को कलेक्ट्रेट उद्यान में सुबह साढ़े पांच बजे करेंगे। अंर्तराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में करीब चार हजार लोगों के प्रतिभाग कराने की तैयारी की गई है। पंचम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुरेंद्र नाथ सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विशिष्ट स्टेडियम में होने वाले मुख्य आयोजन के लिए नगर पालिका, पुलिस प्रशासन, एआरटीओ, जिला पंचायत राज अधिकारी आदि की टीम को भी जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य आयोजन को सफल बनाने के लिए एडीएम ने जिला स्तरीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया। विशिष्ट स्टेडियम तियरा में होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम का संचालन भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के यतींद्र कुमार उपाध्याय एवं योग वेलनेस सेंटर सोनभद्र के योग प्रशिक्षक अभिषेक कुमार सिंह करेंगे।