ओबरा। तमाम मुद्दों पर आक्रोषित विद्युत अभियंताओं ने 10 जून से घोषित प्रदेश व्यापी आन्दोलन के तहत आंदोलन के तीसरे दिन बुधवार को स्थानीय ओबरा ताप विद्युत गृह में शाम चार बजे से पांच बजे तक एक घंटे का कार्य बहिष्कार व विरोध प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। विद्युत अभियंताओं ने नये बन रहे विद्युत गृहों एवं उपकेन्द्रों के विरूद्ध पदों के सृजन की भी मांग की है।ओबरा के अभियंताओं को जनवरी माह से उत्पादन प्रोत्साहन भत्ता न मिलने पर भी लोंगों ने आक्रोश व्यक्त किया। अभियंता संघ के क्षेत्रीय सचिव इं. अदालत वर्मा ने बताया कि अभियंताओं को उत्पीड़ित एवं प्रताड़ित करने के क्रम में प्रबंधन द्वारा हाल ही में नई स्थानांतरण नीति जारी की है, जो यूपी सरकार की जारी स्थानांतरण नीति से बिल्कुल भिन्न है। जबकि ऊर्जा निगम भी यूपी सरकार के उपक्रम हैं। सरकार के सभी विभागों में शासन की स्थानांतरण नीति ही लागू की गयी है, लेकिन ऊर्जा निगमों में इसके बिलकुल विपरीत नीति बनाई गई है। बताया कि स्पष्ट है कि प्रबंधन की मंशा बड़े पैमाने पर अभियंताओं को परेशान करने की है। मांग किया कि वर्तमान में जारी की गयी स्थानान्तरण नीति रद्द करते हुए यूपी सरकार द्वारा जारी स्थानांतरण नीति ही लागू की जाए।