ओबरा। स्थानीय बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के यादव बस्ती के समीप स्थित एक खदान में हो रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग के दौरान पास के घरों के सामने आकर गिर रहे पत्थरों से बस्ती के लोगों में दहशत है। पत्थर गिरने की घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामले को शांत कराया। यह तो संयोग अच्छा रहा कि पत्थर पास में बैठे मजदूरों के ऊपर नही गिरा, नही तो किसी बड़ी घटना होने से इनकार नही किया जा सकता। बता दें कि मंगलवार की दोपहर में अमरनाथ यादव के घर के सामने करीब दो बजे के आसपास ब्लास्टिंग के दौरान पत्थर घर के सामने गिरा। अमर नाथ यादव के पुत्र महेंद्र यादव ने गिरे पत्थर को दिखाते हुए बताया कि सामने स्थित खदान में प्रतिदिन अनियंत्रित रूप से भारी ब्लास्टिंग की जा रही है जिससे अक्सर पत्थर आकर गिरते रहते हैं। उक्त खदान में ब्लास्टिंग के दौरान लोग सहम कर घरों में दुबक जाते हैं। ब्लास्टिंग के पत्थर बस्ती में आने से हमेशा जनहानि की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित पट्टाधारक को कई बार जानकारी देने के बाउजूद पट्टाधारक कोई कदम उठाने को तैयार नही है। और न तो अभी तक प्रशासन कोई कार्यवाही किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए बताया कि जल्द ही अनियंत्रित ब्लास्टिंग पर अंकुश नही लगाया गया तो समस्त बस्तीवासी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।