अनपरा। रामपुर में सहायक अभियंता से पुलिस अधिकारी द्वारा मारपीट के मामले में अभी तक कोई कार्रवाई न होने से अभियंता संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है।
अभियंता संघ के अध्यक्ष जी के मिश्रा, महासचिव राजीव कुमार सिंह व क्षेत्रीय सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रामपुर में 24 अप्रैल को सहायक अभियंता के साथ पुलिस अधिकारी ने मारपीट की। शिकायत के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नही की गई है। ऊर्जा निगम में इन दिनों चल रही दबाव, तनाव, अव्यवहारिक कार्यपद्धति पर पूर्णतया विराम लगाने की मांग की गई। अभियंताओं ने वीडियो कांफ्रेसिंग के नाम पर प्रताड़ना बंद करने, कार्यावधि में ही कार्य संपादित कराने, कार्यवधि के बाद एवं सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बैठक, समीक्षा, सूचना, कैंप आदि कार्यक्रम न कराए जाने की बात कही। साथ ही कार्यों को पूर्ण करने के लिए आवश्यक न्यूनतम तकनीकी समय से पहले कार्य पूर्ण करने का दबाव डालने वाली संस्कृति को बंद करने, उत्पीडनातमक एवं भयादोहन करने वाली स्थानांतरण नीति के स्थान पर व्यवहारिक एवं प्रोत्साहानात्मक नीति ने बनाई जाए। इस दौरान अभियंता 10, 11 जून को सभी क्षेत्रीय व परियोजना मुख्यालयों पर काली पट्टी बांधकर सायं विरोध सभा करेंगे। 12 व 13 जून को एक घंटे, 14 व 15 जून को दो घंटे एवं 17 से 19 जून तक तीन घंटे सभी क्षेत्रीय व परियोजना मुख्यालयों पर कार्य बहिष्कार कर विरोध सभा की जाएगी। 20 से 22 जून तक 72 घंटे का पूर्ण कार्य बहिष्कार कर विरोध सभा की जाएगी।