सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज में तीसरे दिन रविवार को 10694 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। उधर, मांगें पूर्ण होने पर दोनों केंद्रों पर धरना दे रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने मिठाई बांटकर धरना समाप्त करने की घोषणा की। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की उपनियंत्रक वंदना सिंह के मुताबिक कॉपियों की जांच कराने के लिए तैनात 39 डिप्टी हेड में से 20 डिप्टी हेड मौजूद थे। वहीं 383 परीक्षकों में से 120 परीक्षक पहुंचे थे। परीक्षकों ने 4694 कॉपियों का मूल्यांकन किया है। उधर, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज के उपनियंत्रक जितेंद्र सिंह के मुताबिक 33 डिप्टी हेड तैनात हैं, लेकिन अधिकांश अनुपस्थित रहे। परीक्षकों में से ही कई को डिप्टी हेड बनाकर कॉपियों का मूल्यांकन कराया गया। कहा कि 28 डिप्टी हेड की देखरेख में 102 परीक्षकों ने करीब 5200 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। इस मौके पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नंदलाल शुक्ला, सुभाग सिंह, सुमन सिंह, डॉ. मंजू सिंह, शिवमनी, ओम प्रकाश सिंह, महेश चंद्र, संतोष तिवारी, गुलाब राय, अनिल, सुनील मिश्रा आदि मौजूद रहे।