दुद्धी (सोनभद्र)। टाउन क्लब मैदान पर चल रहे अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट में लखनऊ ने मुजफ्फरपुर को छह विकेट से हरा दिया। मुजफ्फरपुर के 170 रन के लक्ष्य को लखनऊ की टीम ने आसानी से महज चार विकेट खोकर ही हासिल कर दिया। सम्राट को मैन आफ दी मैच का पुरस्कार बैंक आफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक वैभव सिंह ने दिया। बृहस्पतिवार को टास मुजफ्फरपुर के कप्तान ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 170 रन बना सकी। मध्यम क्रम के बल्लेबाज शाहबाज ने चार चौका और छह छक्का की मदद से सर्वाधिक 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा सेकेंड डाउन पर उतरे बल्लेबाज अमित सिंह ने भी चार चौकों व दो छक्के की मदद से 42 रनों की पारी खेली। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने 19.3 ओवरों में महज चार विकेट खोकर ही जीत के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। लखनऊ के बल्लेबाजों में सम्राट ने तीन छक्के और सात चौके की मदद से शानदार 55 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली। दूसरे बल्लेबाज शुभम ने दो चौका और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 34 रनों की पारी खेली। मैच के अम्पायर गौस मुहम्मद खां, व इकबाल कुरैशी रहे। स्कोरिंग निशांत मोहन, कमेंट्री सुनील जायसवाल, वरुण जौहरी तथा इरफान खान ने किया। अगला मैच लखनऊ और बलिया के बीच खेला जाएगा।