रेणुकूट। नगर में बिना नक्शा पास कराए बस स्टैंड पर अवैध निर्माण के शिकायत के बावजूद शक्तिनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कार्यालय ने निर्माण कार्य नहीं रोका। इसको लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है। एडीएम और साडा के सचिव से शिकायत के बाद उन्होंने तत्काल निर्माण रोकने का निर्देश दिया है। रेणुकूट नगर के बस स्टैंड पर बिना नक्शा पास कराए ही जबरिया निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत को बिना गंभीरता से लिए हुए साडा के जिम्मेदारों ने रातों रात भवन खड़ा करा दिया। रेणुकूट नगर के बस स्टैंड निवासी एक व्यक्ति ने बस स्टैंड पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत साडा कार्यालय में की थी। शिकायत के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई मामले की जानकारी गुरुवार को साडा सचिव एडीएम को हुई तब उडीएम ने तत्काल साडा कर्मियों को मौके पर भेज कर काम बंद कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने साडा कर्मियों से निर्माण के एवज में जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए हैं। इससे पूर्व शिकायत को गंभीरता से न लेते हुए साडा कर्मियों ने निर्माणकर्ता को पूरा मौका देकर दो कमरे तैयार करा दिए हैं। लबे सड़क जबरिया निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसको लेकर नगर में काफी नाराजगी व्याप्त है। लोगों ने इस तरह के निर्माण को तत्काल जांच कर रोके जाने की मांग की है।