रामगढ़ (ब्यूरो)। युवक मंगल दल कार्यकर्ताओं ने अनियमित विद्युत आपूर्ति के विरोध में बुधवार को चतरा बाजार में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र आपूर्ति में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। युमंद के राबर्ट्सगंज ब्लॉक महामंत्री प्रदीप कुमार मौर्य ने कहा कि रोस्टिंग के नाम पर मनमाने ढंग से बिजली काटी जा रही है। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है। कहा कि हद तो तब हो गई जब विभागीय अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों की बात को भी अनसुनी कर दी है। जहां मुख्यमंत्री का आदेश है कि 48 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदला जाना है। बावजूद इसके महीनों बीत जा रहा है, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे। कार्यकर्ताओं ने चेताया कि यदि जल्द ही आपूर्ति में सुधार नही किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुभाष, अभिषेक, मनीष, अमित, दीपक, बिट्टू आदि शामिल रहे।