सोनभद्र। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान में बूथों पर लगे कैंप में 14 हजार से अधिक आवेदन आए हैं। मतदाता बनने के लिए युवाओं और महिलाओं ने जोश दिखाया है। सबसे ज्यादा 5458 आवेदन घोरावल विधानसभा क्षेत्र में आए हैं, जबकि ओबरा में सबसे कम 2039 फॉर्म जमा हुए। बीएलओ की ओर से सत्यापन के बाद पात्रों का नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के दौरान जिले में ढाई लाख से अधिक मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें ज्यादातर मृतक, डुप्लीकेट और लापता श्रेणी के मतदाता हैं। अब नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इसके पहले चरण में 17 अक्तूबर को बूथों पर कैंप आयोजित किए गए थे। इस दौरान चार हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। दूसरे चरण में 24 अक्तूबर के विशेष कैंप में 14430 नए आवेदन जमा हुए। जिला निर्वाचन कार्यालय से जारी आंकड़ाें के मुताबिक फाॅर्म-6 के आवेदनों में घोरावल विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 5458 लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया। वहीं, राॅबर्ट्सगंज में 4204 और दुद्धी में 2729 आवेदन प्राप्त हुए। ओबरा विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2039 फार्म जमा हुए, जबकि इस विधानसभा क्षेत्र में ही एसआईआर के दौरान सबसे ज्यादा नाम कटे हैं। इन आवेदनों में 70 फीसदी से ज्यादा महिलाओं के है। बूथों पर प्राप्त आवेदनों को सत्यापन के लिए बीएलओ को दिया गया है। फॉर्म-6 में दर्शाए गए पते पर पहुंचकर बीएलओ मतदाता की स्थिति का सत्यापन करेंगे। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पात्र आवेदकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।