अनपरा। एनसीएल की ओर से दुद्धीचुआ के खिरवा गांव में बुधवार ग्रामीण वालीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं हुई। इसें में पिपरा और पिपरखांड़ की टीम अव्वल रही।
मुख्य अतिथि दुद्धीचुआ के महाप्रबंधक उपेंद्र कुमार ने विशिष्ट अतिथि चितरंगी विकास खंड की जनपद पंचायत प्रमुख रश्मि सिंह के साथ खिलाड़िय़ों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दोनों प्रतियोगिताओं में 10-10 ग्रामीण टीमों ने भाग लिया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में पिपरा की टीम बरहटी की टीम को हराकर विजेता बनी। देवीशरण प्रतियोगिता के बेस्ट बूस्टर और डॉ राम प्रकाश वैश्य बेस्ट स्मैशर बने। पिपरखांड़ और टिकुरी टोला के बीच खेले गए कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में पिपरखांड़ ने जीत हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। कबड्डी में महेंद्र खैरवार बेस्ट रेडर और गोमती प्रसाद बेस्ट कैचर चुने गए। चितरंगी विकास खंड की जनपद पंचायत प्रमुख रश्मि सिंह ने प्रतियोगिता के आयोजन के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु दुद्धीचुआ क्षेत्र की सीएसआर टीम का आभार जताया। इस अवसर पर सफदर खान, सहायक प्रबन्धक सामुदायिक विकास विवेक गौतम, खिरवा पंचायत की सरपंच सीमा साहू आदि मौजूद रहे।