अनपरा। जिले के नोडल अधिकारी व उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन एवं पारेषण निगम के प्रबंध निदेशक डॉ सैथियल पांडियन सी ने शनिवार की प्रात: अनपरा तापीय परियोजना का दौरा कर परियोजना के प्रगति का हाल जाना। उन्होंने इस दौरान अधिकारियो से वार्ता कर अनपरा डी का पैरामीटर देखा तथा उत्पादन की समीक्षा की। शुक्रवार की रात्रि अनपरा दामिनी अतिथि गृह पहुंचे प्रबंध निदेशक ने सुबह-सुबह परियोजना का दौरा किया। इस दौरान सुबह से अधिकारी अतिथि गृह व परियोजना में डटे रहे। उन्होंने सीजीएम अखिलेश कुमार सिंह व परियोजना के अधिकारियों के साथ वार्ता कर तकनीकी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने परियोजना के सभी कर्मचारियों को दिसम्बर माह से वर्दी व हेलमेट के साथ कार्यस्थल पर जाने व आक्जलरी पावर कंजम्सन को कम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभियंता सतत प्रयासरत रहे अनपरा परियोजना को देश की अग्रणी परियोजना बनाना है। उन्होंने परियोजना में अवैध कब्जों पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए सभी अवैध कब्जों को मुक्त कराने का निर्देश देते हुए कहा कि आगामी तीन माह के अंदर परियोजना के सभी अवैध कब्जों वाले आवासों को खाली करा दिया जाये जिससे परियोजना के कर्मचारियों व अधिकारियों को आवास की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने 765 केवी की अनपरा डी से उन्नाव के बीच पारेषण लाइन के ठप पड़े कार्य पर कहा कि कार्यदायी संस्था को बदलकर दूसरे को काम दिया गया है 13 दिसम्बर को होने वाली बैठक में इस कार्य को तेजी से कराने के लिए रूप रेखा तैयार की जायेगी। इस अवसर पर अनपरा परियोजना के जीएम प्रशासन आर पी सिंह, अनपरा डी के जीएम चण्डी प्रसाद मिश्रा,अभियंता संघ के अनपरा के अध्यक्ष इं जी के मिश्रा, सहायक सचिव इं मणीन्द्र नाथ,क्षेत्रीय सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव,दिनेश शंकर द्विवेदी,दीपक श्रीवास्तव,अजय मौर्या, विनोद कुमार,देवेश विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।