रेणुकूट। नगर व आसपास के क्षेत्र में नशीले पदार्थों की लगातार हो रही बिक्री को बंद कराने की मांग नगरवासियों ने की है। पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह की अगुवाई में मंगलवार को एक बैठक करके नशीले पदार्थों की हो रही बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की मांग की गई। दिग्विजय ने कहा कि नशे से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। नशे के आदी युवक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसकी वजह से अब तक कई परिवार बर्बाद हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक नशे के बड़े कारोबारियों और इसके संरक्षण में लगे लोगों पर अंकुश नहीं लगाया जा सका है। बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि दो दिनों पूर्व पुलिस ने तीन हीरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया, लेकिन एक को छोड़ दिया। इससे इस कार्य में शामिल लोगों का मनोबल बढ़ रहा है। वार्ड सभासद अशोक रवानी ने कहा कि पिपरी में बाल्मीकि पार्क नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है। यहां कभी भी नशेड़ियों को देखा जा सकता है। इस दौरान आफताब अहमद, बच्चू चौरसिया, अखिलेश सिंह मौजूद रहे।