मांची थाना में बरामद शराब और वाहन। स्रोत पुलिस
- फोटो : सांकेतिक
सोनभद्र। मांची थाने की पुलिस ने मंगलवार की देर शाम चेकिंग के दौरान बोलेरो से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की अवैध खेप बरामद की। इसे महज 14 वर्ष का नाबालिग बोलेरो के जरिये बिहार ले जा रहा था। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कुछ दूर आगे जाकर चालक गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। वाहन की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब से भरी 25 पेटियां बरामद की गईं। उनमें 830 बोतल-पाउच शराब से भरे थे। पकड़े गए नाबालिग से पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलीं। उसके आधार पर आगे की छानबीन तेज हो गई है। किशोर को विधिक अभिरक्षा में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। पनौरा चौकी प्रभारी कुंवर सिंह की अगुवाई वाली टीम मंगलवार की देर शाम मझुई मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पता चला कि एक बोलेरो में शराब भरकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही घेराबंदी कर जैसे ही वाहन को रोका गया, उसका चालक कुछ देर आगे जाकर वाहन खड़ी कर भाग निकला। वहीं शराब लेकर जा रहा किशोर पकड़ लिया गया। प्रभारी निरीक्षक मांची चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि वाहन से कुल 25 पेटियों में विभिन्न ब्रांड की रखी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पेटी में रखी बोतल-पाउच में कुल 182.70 लीटर शराब भरी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 194430 रुपये है। बोलेरो को भी कब्जे में लेकर एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। सीओ सदर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई आरोपियों के नाम सामने आए हैं। मांची थाने की पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही उनकी गिरफ्तारी की कवायद में जुटी है।