रेणुकूट। ग्रासिम इंडस्ट्रीज केमिकल्स डिवीजन रेणुकूट में ग्रामीण विकास विभाग (सीएसआर) से कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा बृहस्पतिवार को हुई। इकाई प्रमुख एसएन शास्त्री व मानव संसाधन प्रमुख संजय सिंह की देखरेख में कराए गए कार्यों के प्रगति की समीक्षा हुई। वर्ष 2018-19 के कार्यों के बारे में चर्चा की गई। संस्थान के ग्रामीण विकास अधिकारी अमर सिंह ने आपसी भाईचारा कार्यक्रम संस्थान परिसर में आयोजित किया। इसमें ग्राम प्रधानों में कई गांवों के प्रधान शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मानव संसाधन प्रमुख संजय सिंह ने बताया कि देश अब आधुनिक व वैज्ञानिक युग के परिवेश में वैश्विक विकास के साथ ही कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहा है। इस कड़ी में संस्थान व इसके कराए जाने वाले कार्यक्रमों को भी पूरी तरह से जोड़ना होगा। तभी हम देश के साथ -साथ संस्थान व गांव का भी आधुनिक विकास करा सकेंगे। इसके लिये हमें ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का मूल्यांकन कर समय-समय पर आगे के कार्यों की दिशा निर्धारित करना होगी। कार्यक्रम के समापन पर मानव संसाधन विभाग के प्रभात चंद्र राय ने आभार जताया। इस दौरान हरि प्रसाद, शिव प्रसाद, दिनेश कुमार जायसवाल, बृज कुमार, उदय कुमार, स्कूल प्रबंधकों में जवाहर लाल पांडेय, अशोक कुमार, विजय कुमार, राजकुमार सिंह, अंकित श्रीवास्तव, सतीश कुमार सिंघी, बृजेश यादव मौजूद रहे।