सोनभद्र। चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कंगारू मदर केयर यूनिट की स्थापना होगी। इसमें गंभीर रूप से बीमार जच्चा-बच्चा का उपचार किया जाएगा। यूनिट स्थापना के साथ ही यहां फोटोथेरेपी यूनिट और रेडियेंट वार्मर की भी स्थापना की जाएगी। चार बेड के इस मदर केयर यूनिट के खुलने से चोपन के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को इसका फायदा होगा। जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में कार्य तेज हो गया है। जिला अस्पताल में जियाट्रिक वार्ड खुलने की प्रक्रिया चल रही है। अब ग्रामीण अंचल के अस्पतालों को भी आधुनिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कंगारू मदर केयर यूनिट (केएमसी) का निर्माण कराया जाएगा। इसमें गंभीर रूप से बीमार नवजात शिशुओं और उनकी मां का इलाज कराया जाएगा। इसके लिए चार बेड की अलग से व्यवस्था की जाएगी। इस यूनिट में फोटोथिरेपी यूनिट और रेडियेंट वार्मर की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि बच्चों का समुचित उपचार हो सके। यूपी में 156 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कंगारू मदर केयर यूनिट की स्थापना की जा रही है, जिसमें सोनभद्र में चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को चयनित किया गया है। बता दें कि जिले के ग्रामीण इलाकों में जच्चा-बच्चा की हालत बिगड़ने पर उपचार के कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में मरीजों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले आना पड़ता है। इससे समय से साधन न मिलने से कभी कभी जच्चा-बच्चा की मौत भी हो जाती है। अब चोपन में मदर केयर यूनिट खुलने से आसपास के ग्रामीण इलाकों के साथ ही नीचे के चार ब्लॉकों चोपन, म्योरपुर, दुद्धी और बभनी क्षेत्र के लोगों को भी सहुलियत होगी। चोपन में जनवरी माह में ही यह सुविधा लोगों को मिलने की उम्मीद है।