म्योरपुर। केंद्र सरकार के रीजनल कनेक्टिविटी स्किम के तहत हवाई पट्टी विस्तारीकरण को लेकर बुधवार को राजस्व, एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया, लोक निर्माण विभाग समेत निर्माणकर्ता कंपनी की संयुक्त टीम ने हवाई पट्टी का जायजा लिया। इस दौरान समीक्षा बैठक कर अधिग्रहण की गई जमीन के बारे में कार्यदायी संस्थाओं को बताया तथा मौके पर जाकर राजस्व विभाग के तैयार किये गए नक्शे के अनुसार जमीन और घर दिखाया गया। संबंधित विभाग को जल्द ही ऊंचाई कम करने के लिए तोड़ने के साथ पेड़ों की कटान का निर्देश दिया गया। एसडीएम रामचंद्र यादव ने बताया कि हवाई पट्टी विस्तारीकरण का कार्य बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया जाएगा। बुधवार को संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को उनके काम बताकर जल्द पूरा करने को कहा गया है। कहा घर मालिकों को भी कहा गया है कि वे अपना सामान समेट लें जिससे कोई परेशानी न हो। बताया कि जिनके घरों को अधिग्रहित किया गया उनका मुवावजा खाते में भेज दिया गया है। निर्माण के दौरान पुलिस को भी साथ रहने के निर्देश दिए गए है। इस मौके पर बाबतपुर एयरपोर्ट के असिस्टेंट मैनेजर संतोष मौर्या, प्रभारी रेंजर दिनेश कुमार, राजस्व निरीक्षक आरिफ समेत लोक निर्माण विभाग व एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के लोग मौजूद रहे।