अनपरा। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन नवमी को आदि शक्ति स्वरूपा महिषासुर मर्दिनी मां शेरावाली के दर्शन पूजन के लिये श्रद्वालुओं का देर रात तक दुर्गा पूजा पंडालों मे ताता लगा रहा। गुरुवार को माँ सिद्विदात्री के पूजा के पश्चात आरती, पुष्पांजली , हवन आदि कार्यक्रम आयोजित किये गये। दोपहर मे महाभोग का भी आयोजन किया गया। इस दौरान भब्य पूजा पंडाल मे घंटा घडिय़ाल गूंजते रहे।मां शेरावाली की अनुपम छटा निहारने के लिए भक्तों का ऐसा हुजूम उमडा कि सडकों पर मध्य रात्रि तक आवागमन प्रभावित रहा। गुरुवार की प्रात: से ही अनपरा बाजार सब्जी मंडी पूजा पंडाल, अनपरा कालोनी बस स्टैंड पूजा पंडाल, सिनेमा रोड पूजा पंडाल, गरबन्धा पूजा पंडाल, रेनुसागर प्रेक्षागृह पूजा पंडाल, परासी दुर्गा पूजा पंडाल, ककरी दुर्गा पूजा पंडाल, कृष्णशिला पूजा पंडाल, बीना दुर्गा पूजा पंडाल सहित क्षेत्र के अन्य पूजा पंडालों में मा सिद्धिदात्री की विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन किया गया। विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार के बीच हवन और कन्या पूजन कराया। इस दौरान जगह जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को दर्शन पूजन के लिये भक्तो का पूजा पंडालों में रेला लगा रहा। चहुओर मेले जैसा दृश्य दिखाई पड़ रहा था। दुल्हन की तरह सजे पूजा पंडालों की शोभा देखते ही बन रही थी।